बुधवार, 14 जुलाई 2010

आई लव यू मम्मा

मम्मा, सागर आपके साथ नहीं हैं....न रहने दो...मैं हूँ न। आप बिलकुल सही हैं। जो कर रहीं हैं वही सही है। दरअसल सब लोग आपको पापा से दूर करना चाहते हैं। आप इनके बहकावे में मत आना। ये सब अपना उल्लू सीधा करने वाले लोग हैं। मतलबी, स्वार्थी और मौकापरस्त। पापा कितने अच्छे हैं....आप से कितना प्यार करते हैं ..... जब भी बड़ी माँ के पास से आते हैं आपको कितना प्यार करते हैं। बाज़ार ले जाते हैं। बढ़िया-बढ़िया खाना खिलाते हैं। मीठी-मीठी बातें करते हैं। आप जैसी पति-परायणाको और चाहिए भी क्या ? आप मुझे रामायण सुनाती हैं। राजा दशरथ के भी तो तीन पत्नियाँ थीं....तो मेरे पापा क्या किसी राजा से कम हैं....वे क्या दो बीबियाँ भी नहीं रख सकते ? जब आपको कोई एतराज़ नहीं तो और किसी की मजाल ही क्या ? मैं तो कहती हूँ कि पापा को इतना इंतजार क्यों करवा रही हो ? बुला क्यों नहीं लेती बड़ी माँ को....ऐसा करते हैं अपन दोनों चलते हैं बड़ी माँ को लेने। वे मेरी मनुहार ज़रूर मानेंगी। फिर हम चारो लोग खूब धमाल करेंगे। पापा को बड़ी माँ के पास सुलाकर हम दोनों खूब मस्ती करेंगे। कितना मज़ा आएगा। सागर को मैं मना कर दूंगी कि अब आपको हमारे घर आए की कोई ज़रुरत नहीं। ठीक है न ? अब बेफिक्र होकर सो जाओ। आई लव यू मम्मा ! गुड नाईट....टेक केयर.

मंगलवार, 13 जुलाई 2010

मेरा साया साथ होगा

कुछ न कहने से भी छिन जाता है ऐजाज़े सुखन
ज़ुल्म सह के भी ज़ालिम की मदद होती है।
यकीनन आपको इस पर यकीन नहीं है..... देवता कभी ज़ालिम होते ही नहीं हैं। वे तो सदा-सर्वदा महान ही होते हैं। आपका देवता भी ऐसे ही महान लोगों में शुमार है। मैं गलत हूँ....घर वाले गलत हो सकते हैं लेकिन देवता गलत नहीं हो सकता। वो तो बहुत मासूम है...बहुत भोला... । जो बातें उसे ठेस पहुंचाती हैं वे अंततः आपको भी तकलीफ देने लगती हैं। उसका दुश्मन आपका दुश्मन। आपके दोस्त तो आपके दुश्मन हैं ही। चलो ऐसे ही सही। चल के देख लो। ज़हां तक चल सको .... मुबारक ! जब राहें हमवार न रहें....जब देवता का दैत्य सर चढ़कर बोलने लगे .... जब किसी अपने की जरूरत महसूस हो ....तब...मुझे याद भी मत करना...मैं तुम्हारे पास ही हूँ...पास भी और साथ भी। तू ज़हां-ज़हां चलेगी.....मेरा साया साथ होगा।

अच्छा हुआ जो आपने सपने चुरा लिए

शरण गीता की हो, ईश्वर की हो या अपने ही गढ़े गये किसी मिथक की। शरणम गच्छामि होते ही हम अपने नहीं रहते। असल तकलीफ जो है वो अपने न रहने की ही है। अपने रहे नहीं ... दूसरे के हुए नहीं ! त्रिशंकु होकर अटक गये कहीं। कहाँ ? पता नहीं। सोंपना चाहा किसी को ...... लेकिन ग्रहण के बिना अर्पण नहीं होता। अब सब से पहले ग्रहीता को तलाशिये। है कोई ? नहीं ? तो ये फालतू के पचड़े छोडिये... जीवन को अपनी गति से प्रवाहित होने दीजिये....अंततः वह अपनी गति को प्राप्त कर ही लेगा। कितना आसान फंडा है ! है न ? काश ऐसा होता। हम सबको अवसर अवश्य मिलता है। मुझे भी मिले। खूब मिले। खुद पर घमंड हो गया....इतराने लगा....जिंदगी में ऐसे लोग भी मिले जिन्हें यह इतराना भला लगता था। यही भारी गडबडी हो गयी। आवक में इतना भूला कि जावक को देखा ही नहीं। जब देखा तब तक तो बहुत देर हो चुकी थी। कोई चारा न था। बे-चारा हो गया. बेचारगी बहुत बुरी चीज़ है। मेरा नसीब कि ये बुरी चीज़ मेरे हिस्से थोक में आई है।

हो सकता है ये सच न हो...पर मैं ऐसा मानता हूँ कि मैं मूलतः उत्सवधर्मी और स्वप्नजीवी हूँ। अब मेरी दिक्कत समझो.... कोई भी उत्सव अपनों के बिना मुकम्मल नहीं होता। अपने अचानक विराने हो गये। जुडाव का कोई बारीक सा तार है भी तो वह तंतुओं को झनझनाता नहीं है....कशिश पैदा नहीं करता....उद्दाम नदी की तरह मिलने को आकुल नहीं होता। यानी उत्सव नहीं हो सकता। जीने की एक आदत फिनिश्श्श। सपने अलबत्ता अब भी खूब देखता हूँ। यह नितांत निजी शगल है... इसके लिए किसी की जरूरत नहीं होती। क्या होगा ? पूरे ही तो नहीं होंगे...न सही.....जब जिंदगी ही मुकम्मल न हुई तो अधूरे सपनो के साथ रहना क्या मुश्किल ? लेकिन बड़ी गलती हो गयी...मैं लापरवाह था... कोई आया और मेरी सपनो वाली गठरी ही चुरा ले गया। अब क्या करूँ ? न सपने रहे...न अपने रहे....न उत्सव । कैसे कहूँ कि शुभ-हो। वैसे - ' रहते हमारे पास तो ये टूटते ज़रूर/ अच्छा हुआ जो आपने सपने चुरा लिए।

सोमवार, 12 जुलाई 2010

दाल का पानी

आज भैया ने पहली बार दाल का पानी पिया। उसे तो मज़ा आ गया होगा इस नये स्वाद से। आज उसके मम्मा-पापा दोनों दिन भर उसके साथ रहे। और क्या चाहिए। बधाई हो भैया। आई लव यू।

कि हमसे दूर हो गये

अकेले रहने और अकेलेपन की ताकत को पहचानें। हम अकेले हैं तो इसका मतलब यह बिल्कुल भी नहीं कि हम मजबूत नहीं हैं।
मुबारकें तुम्हें कि तुम, किसी का नूर हो गये
किसी के इतने पास हो कि हमसे दूर हो गये।

रविवार, 11 जुलाई 2010

अफ़सोस हम न होंगे

जिंदगी कितनी अजीब होती है! जो न चाहो वो तपाक से हो जाता है.... जिसे टूट कर चाहो वो तोड़कर अपने रस्ते चल देता है। आप तांगे के घोड़े की तरह बेसबब दौड़ते चले जाते हैं....अजानी राह पर...अचीन्ही मंजिल के लिए। यही है जिंदगी....! कभी-कभी मन हिसाबी होना चाहता है.... । देखने को मन करता है...क्या खोया , क्या पाया? तब पता चलता है , था क्या जो खो दोगे ? है क्या जो पा लोगे ? एक दिन मैं हबीब तनवीर और हैदर रज़ा के साथ बैठी थी हबीब साब ने रज़ा से कहा- मियां तुम शून्य बनाते हो, हम भरते हैं। रज़ा ने कहा सही वक्त पर ज़वाब दूंगा। हबीब साहेब की मौत पर अनायास ही लिखा था- मियां तुम जो शून्य बना गये हो उसे कौन भरेगा? आज न कोई हबीब को याद करता है न रज़ा को। किसी रोज़ जिंदगी हमें भी खारिज कर देगी। क़िताब के फटे हुए पन्ने या पतझर के पत्ते की तरह उड़ा ले जाएगी हवा। ......ये जिंदगी के मेले दुनिया में कम न होंगे....अफ़सोस हम न होंगे।

मुबारक हो माँ

ठीक दो साल पहले.....आज ही के दिन यानी ११ जुलाई २००८ को आपका विवाह हुआ था। बहुत-बहुत बधाई। मुझे मालूम है आप ये पोस्ट तब तक नहीं पढ़ेंगी जब तक कोई पढ़ायेगा नहीं। मैं इस बात से सचमुच बहुत खुश हूँ कि विवाह की दूसरी सालगिरह पर आप पूरे दिन मुस्कराती रहीं। आप ऐसे ही अच्छी लगती हैं। सदा हंसती रहो....मुस्कराती रहो...! आपकी ये ख़ुशी देखकर नानू भी बड़े प्रसन्न हैं। पापा तो खुश हैं ही.....नानू से निजात जो मिल गयी है। आप खुश ....पापा खुश... नानू खुश... मैं खुश ...... और क्या चाहिए ?